रांची. आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के रूप में साेमवार काे अपना नामांकन किया। नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र में सुदेश महतो ने अपनी कुल संपत्ति 18 करोड़ 55 लाख रुपए बताई है।
23 दिसंबर के बाद पता चलेगा गठबंधन न होने का फायदा और नुकसान
नामांकन दाखिल करने के बाद सुदेश महतो ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा से गठबंधन ना होने का फायदा या नुकसान 23 दिसंबर के बाद पता चलेगा। उन्होंने कहा- दो सेटों पर मैंने नामांकन किया। हमने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। हमारा नारा गांव की सरकार का है। राज्य में क्रातिकारी पहल का प्रयास होगा। अलग-अलग चरण के अनुसार हमारे उम्मीदवारों के नाम की घोषणा होगी। इस बार चुनाव में हमारी जवाबदेही बड़ी है। अलग-अलग विस सीट पर पार्टी प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली पदयात्रा
इससे पूर्व सुदेश महतो मोरहाबादी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास पहुंचे। यहां से निर्वाचन कार्यालय, कचहरी चौक तक पदयात्रा कर कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। इस मौके पर आजसू के पदाधिकारी और काफी संख्या में कार्यकर्ता उनके साथ ढोल-नगाड़ों के साथ शामिल हुए।
पत्नी के पास कुल 9 करोड़ 28 लाख रुपए की संपत्ति
इधर, सुदेश महतो द्वारा जमा किए गए शपथ पत्र के अनुसार, 2018-19 में अपनी आय 1 करोड़ 53 लाख 60 हजार रुपए जबकि पत्नी नेहा महतो की आय 1 करोड़ 14 लाख, 64 हजार रुपए बताया है। सुदेश महतो के पास चल संपत्ति कुल 4 करोड़ 66 लाख जबकि पत्नी के पास कुल 9 करोड़ 28 लाख रुपए की संपत्ति है। सुदेश के पास 4 करोड़ 61 लाख की अचल संपत्ति है। वहीं नेहा महतो के चल-अचल संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया गया है। सुदेश के दो अलग-अलग बैंक अकाउंट में करीब 33 लाख जबकि नेहा महतो के एक बैंक अकाउंट में एक लाख 31 हजार रुपए है।
सुदेश के पास 72 लाख रुपए की जीवन बीमा
शपथ पत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक, सुदेश के पास 54 लाख रुपए की चार एलआईसी बीमा और 18.78 लाख की एक अन्य पॉलिसी है। वहीं पत्नी नेहा के नाम पर 59.52 लाख रुपए की चार एलआईसी पॉलिसी है। सुदेश ने अपने पास दो गाड़ियों का जिक्र किया है जिसमें 3.76 लाख रुपए की सूमो व 16.59 लाख रुपए की इनोवा कार है। वहीं पत्नी के नाम पर एक भी गाड़ी नहीं है। वहीं सुदेश के पास 14.05 लाख रुपए जबकि पत्नी नेहा के पास 1 करोड़ 67 लाख रुपए की ज्वैलरी है।
2005 व 2009 विस चुनाव में जीत दर्ज कर चुके हैं सुदेश
झारखंड के पहले गृह मंत्री और पूर्व उपमुख्यमंत्री व आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो इस बार भी सिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका सीधा मुकाबला झामुमो प्रत्याशी सीमा महतो से है। 2005 व 2009 के विस चुनाव में सुदेश महतो ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। 2014 में सुदेश झामुमो प्रत्याशी अमित महतो से हार गए थे। मई, 2018 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में भी सुदेश महतो को झामुमो प्रत्याशी सीमा महतो ने हराया था। सीमा महतो, अमित महतो की पत्नी है।